झारखंड में ठंड और कोहरे का डबल अटैक, कई जिलों में विजिबिलिटी 50 मीटर तक गिरी

झारखंड में ठंड और कोहरे का डबल अटैक, कई जिलों में विजिबिलिटी 50 मीटर तक गिरी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 02, 2026, 11:55:00 AM

झारखंड में सर्दी का प्रकोप लगातार जारी है और बर्फीली हवाओं ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है। बीते 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में तापमान बेहद नीचे दर्ज किया गया। सबसे अधिक ठंड गुमला में पड़ी, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा पलामू में 5.7 डिग्री, बोकारो में 7.5 डिग्री और राजधानी रांची में 7.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

हालांकि न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की मामूली बढ़ोतरी देखी गई है, लेकिन ठंडी और तेज हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पाई है। सुबह और शाम के समय कनकनी सबसे अधिक महसूस की जा रही है।

कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें

ठंड के साथ-साथ घने कोहरे ने भी परेशानी बढ़ा दी है। हालात ऐसे हैं कि सुबह 9 बजे तक सूरज के दर्शन नहीं हो पा रहे हैं। दृश्यता काफी कम होने के कारण सुबह 8 बजे के आसपास सड़कों पर निकलना जोखिम भरा साबित हो रहा है। यही वजह है कि तड़के और सुबह के समय सड़कें लगभग सुनसान नजर आ रही हैं।

अगले 7 दिनों तक राहत के आसार नहीं

मौसम विभाग का कहना है कि झारखंड में ठंड और कोहरे का यह दौर अभी लंबा चल सकता है। अनुमान है कि अगले 7 दिनों तक राज्य में इसी तरह का मौसम बना रहेगा। खासतौर पर सुबह और शाम के समय लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

9 जिलों के लिए येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने राज्य के 9 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि कोहरे के कारण दृश्यता 50 से 500 मीटर तक सिमट सकती है।

वाहन चालकों को सावधानी की सलाह

कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों से धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट का उपयोग करने की अपील की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 5 दिनों तक रांची समेत राज्य के दक्षिणी हिस्सों में ठंडी हवाओं का असर बना रहेगा, जबकि अगले 2 दिनों में उत्तरी जिलों के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना है।