झारखंड सिविल कोर्ट क्लर्क भर्ती का परिणाम जारी, गिरिडीह के सिकंदर कुमार बने टॉपर

झारखंड सिविल कोर्ट क्लर्क भर्ती का परिणाम जारी, गिरिडीह के सिकंदर कुमार बने टॉपर

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : May 01, 2026, 3:05:00 PM

झारखंड हाई कोर्ट ने राज्य की सिविल अदालतों में सहायक (क्लर्क) पदों पर नियुक्ति के लिए अंतिम चयन सूची प्रकाशित कर दी है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत सामान्य (यूआर), बीसी-1, बीसी-2, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) सहित विभिन्न श्रेणियों में अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयन सूची में राज्य के कई जिलों जैसे हजारीबाग, पलामू, गढ़वा, गिरिडीह, सिमडेगा, बोकारो और सरायकेला-खरसावां के उम्मीदवार शामिल हैं।

सामान्य वर्ग में गिरिडीह निवासी सिकंदर कुमार ने सर्वोच्च स्थान हासिल किया है। उन्होंने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद वर्ष 2024 से ही उन्होंने नियमित और केंद्रित तैयारी शुरू कर दी थी। अपनी उपलब्धि का श्रेय उन्होंने अपने परिवार और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। सिकंदर की नियुक्ति हजारीबाग जिला न्यायालय में की गई है। वहीं, इस श्रेणी में राजेश दास दूसरे और आशीष कुमार तीसरे स्थान पर रहे।

हाई कोर्ट ने मुख्य चयन सूची के साथ प्रतीक्षा सूची भी जारी की है, जिससे भविष्य में रिक्त पदों को भरा जा सके। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों को जल्द ही संबंधित जिला न्यायालयों द्वारा नियुक्ति पत्र भेजे जाएंगे, जिसके बाद उनकी तैनाती की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।