रांची से कोयलांचल तक बनेगा झारखंड सेंट्रल कॉरिडोर, केंद्र ने दी हरी झंडी

रांची से कोयलांचल तक बनेगा झारखंड सेंट्रल कॉरिडोर, केंद्र ने दी हरी झंडी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 08, 2026, 2:55:00 PM

झारखंड के बुनियादी ढांचे को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा फैसला सामने आया है। नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में रांची–ठाकुरगांव–बुढ़मू–टंडवा–सिमरिया–बगरा मार्ग को “झारखंड सेंट्रल कॉरिडोर” के रूप में विकसित करने और इसे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-99 (NH-99) का दर्जा देने की स्वीकृति दी गई।

इस कॉरिडोर के निर्माण से पिपरवार, टंडवा और खलारी कोयलांचल सहित आसपास के इलाकों में आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र का समग्र विकास तेज होगा और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।

परियोजना का लाभ सीधे तौर पर आम नागरिकों को मिलेगा। किसानों के लिए कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाना आसान और कम खर्चीला होगा, जबकि सुरक्षित और सुगम यातायात से रोजमर्रा की आवाजाही भी बेहतर बनेगी। इसके साथ ही रांची तक तेज पहुंच संभव होगी, जिससे समय की बचत होगी।

सड़क नेटवर्क के सुदृढ़ होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलने और नए रोजगार अवसर पैदा होने की भी संभावना जताई जा रही है। राज्य की समृद्ध खनिज संपदा को औद्योगिक केंद्रों तक तेजी से पहुंचाने में यह कॉरिडोर अहम भूमिका निभाएगा। इस तरह झारखंड, देश के विकास में अपनी भागीदारी और मजबूत करेगा।