भाजपा ने जारी की नवनियुक्त जिलाध्यक्षों की सूची, वरुण साहू बने रांची महानगर के अध्यक्ष

भाजपा ने जारी की नवनियुक्त जिलाध्यक्षों की सूची, वरुण साहू बने रांची महानगर के अध्यक्ष

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 10, 2026, 11:11:00 AM

भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को राज्य स्तर पर अपने संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए विभिन्न जिलों के लिए नए जिला अध्यक्षों की घोषणा की। पार्टी नेतृत्व के अनुसार, यह कदम जमीनी स्तर पर संगठन को और सशक्त बनाने तथा जनता के बीच पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

जारी सूची के मुताबिक, रांची महानगर की जिम्मेदारी वरुण साहू को सौंपी गई है। वहीं संताल परगना और कोल्हान समेत अन्य क्षेत्रों में भी नए चेहरे सामने आए हैं। दुमका से रूपेश मंडल, लातेहार से बंशी यादव और हजारीबाग से विवेकानंद सिंह को जिला अध्यक्ष बनाया गया है।

रामगढ़ की कमान संजीव कुमार बाबला को दी गई है, जबकि चतरा में रामदेव सिंह भोक्ता और पलामू में अमित तिवारी को संगठन की जिम्मेदारी मिली है। पाकुड़ से सरिता मुर्मू और जामताड़ा से सुमित शरण को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

देवघर में सचिन रवानी, गोड्डा में लक्ष्मी चक्रवती और साहेबगंज में गौतम यादव को पार्टी का नेतृत्व सौंपा गया है। धनबाद महानगर में श्रवण राय और धनबाद ग्रामीण में मोहन कुम्भकार को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा गिरिडीह ग्रामीण की जिम्मेदारी महेंद्र वर्मा को और गिरिडीह महानगर की कमान रंजीत कुमार राय को दी गई है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि नए अध्यक्षों के चयन से संगठनात्मक मजबूती बढ़ेगी और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पार्टी अधिक संगठित रूप में मैदान में उतरेगी।