अरगोड़ा चौक पर देर रात बदमाशों ने बस पर की फायरिंग, पुलिस की तत्परता से एक आरोपी धराया

अरगोड़ा चौक पर देर रात बदमाशों ने बस पर की फायरिंग, पुलिस की तत्परता से एक आरोपी धराया

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : May 13, 2026, 9:43:00 AM

राजधानी रांची में मंगलवार देर रात अरगोड़ा चौक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक निजी बस पर बाइक सवार युवकों ने गोली चला दी। घटना के तुरंत बाद इलाके में मौजूद पुलिस टीम सक्रिय हुई और पीछा कर एक आरोपी को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।

जानकारी के अनुसार, जीवन ज्योति नामक बस के चालक का कुछ युवकों से विवाद हो गया था। चालक ने बताया कि तीन युवक बाइक पर सवार होकर काफी देर से बस के आसपास घूम रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि युवकों में से एक ने पिस्टल निकालकर बस की ओर फायरिंग कर दी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

फायरिंग की आवाज सुनते ही अरगोड़ा चौक के आसपास तैनात पीसीआर और रात्रि गश्ती दल तुरंत हरकत में आ गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर भाग रहे आरोपियों का पीछा किया। कार्रवाई के दौरान एक युवक को पकड़ लिया गया, जिसके पास से अवैध हथियार भी बरामद किया गया है। हालांकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी पारस राणा भी घटनास्थल पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि फरार दोनों युवकों की पहचान और उनके ठिकानों का पता लगाया जा सके।

अरगोड़ा थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।