सदर अस्पताल परिसर में सोमवार को राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ अग्नि सुरक्षा सप्ताह (4 से 10 मई) का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया और उपस्थित चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों व कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति सजग रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने आपात स्थितियों में त्वरित और सतर्क प्रतिक्रिया की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
इस वर्ष आयोजन की थीम “सुरक्षित स्कूल, सुरक्षित अस्पताल और जागरूक समाज” रखी गई है। कार्यक्रम के दौरान सभी स्वास्थ्य संस्थानों को निर्देश दिया गया कि वे अग्नि सुरक्षा से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। साथ ही 5 से 7 मई के बीच आयोजित होने वाली वेबिनार श्रृंखला में भाग लेकर अपनी जानकारी और तैयारियों को और मजबूत करने की अपील भी की गई।
अधिकारियों ने अस्पतालों में नियमित फायर सेफ्टी ऑडिट कराने, अग्निशमन उपकरणों की समय-समय पर जांच करने और उसकी रिपोर्ट IHIP पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। इसके अलावा आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए पोस्टर प्रतियोगिता, क्विज, मॉक ड्रिल और आपातकालीन निकासी योजना जैसी गतिविधियों के आयोजन पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में फायर सेफ्टी विशेषज्ञों ने PASS और RACE जैसी तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की, जिससे आग लगने की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई संभव हो सके। सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने भी उपस्थित कर्मचारियों को सुरक्षा शपथ दिलाई। इस मौके पर राज्य और जिला स्तर के कई अधिकारी, डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।