झारखंड के 19 राज्य सेवा अफसरों को मिलेगा IAS पदोन्नयन, UPSC को भेजी गई 57 नामों की सूची

झारखंड के 19 राज्य सेवा अफसरों को मिलेगा IAS पदोन्नयन, UPSC को भेजी गई 57 नामों की सूची

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Dec 23, 2025, 12:46:00 PM

झारखंड राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के लिए बड़ी प्रशासनिक प्रक्रिया आगे बढ़ी है। वर्ष 2024 की रिक्तियों के तहत आईएएस संवर्ग में पदोन्नति के लिए राज्य सरकार ने यूपीएससी को प्रस्ताव भेज दिया है। इस प्रक्रिया में कुल 19 पदों के लिए 57 अधिकारियों के नाम अग्रेषित किए गए हैं, क्योंकि नियमों के अनुसार प्रत्येक रिक्त पद के लिए तीन नामों की अनुशंसा की जाती है।

सूची में शामिल सभी अधिकारी झारखंड के 39वें और 40वें बीपीएससी बैच से हैं। इनमें 39वें बैच के आठ अधिकारी भी शामिल बताए गए हैं। इन्हीं अधिकारियों में से चयन कर 19 को भारतीय प्रशासनिक सेवा संवर्ग में पदोन्नत किया जाना है।

इससे पहले 38वीं बीपीएससी बैच के पांच राज्य सेवा अधिकारियों को आईएएस में प्रोन्नति दी जा चुकी है। अब यूपीएससी द्वारा आवश्यक चयन प्रक्रिया और बैठक पूरी होने के बाद केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय संबंधित अधिकारियों के आईएएस में समावेशन की अधिसूचना जारी करेगा।

उल्लेखनीय है कि झारखंड राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को आईएएस संवर्ग में पदोन्नति मिलने की प्रक्रिया अन्य कई राज्यों की तुलना में धीमी रही है। गुजरात, केरल, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में इस वर्ष फरवरी से मई के बीच ही राज्य सेवा के अधिकारियों को आईएएस में प्रोन्नत किया जा चुका है।