पलामू: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर मंगलवार को लातेहार टाउन हॉल में मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन उपायुक्त संदीप कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी और डीडीसी सैय्यद रियाज अहमद ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। 20 बच्चों को स्वेटर, तीन लाभुकों को गाय, चार यूनिट बतख और एक ट्रैक्टर दिया गया। वहीं, छह लोगों को नियुक्ति पत्र, दो लाभुकों को शहरी आवास योजना का स्वीकृति पत्र तथा दो-दो आश्रितों को आपदा प्रबंधन और हिट एंड रन मामलों में मुआवजा दिया गया।
झारखंड आंदोलनकारियों और प्रतिभावान स्कूली बच्चों को शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, रक्तदान और स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। मौके पर नगर अध्यक्ष महेश सिंह समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट