लातेहार में सड़क सुरक्षा पर सख्ती, परिवहन विभाग की कार्रवाई में 7 वाहनों से 86,500 दंड राशि वसूली

लातेहार में सड़क सुरक्षा पर सख्ती, परिवहन विभाग की कार्रवाई में 7 वाहनों से 86,500 दंड राशि वसूली

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Dec 20, 2025, 5:50:00 PM

लातेहार जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन और तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने के लिए परिवहन विभाग ने सघन जांच अभियान चलाया। जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल के नेतृत्व में यह कार्रवाई जिले के प्रमुख मार्गों पर की गई।

अभियान के तहत लातेहार सदर प्रखंड के होटवाग मुख्य सड़क पर विशेष रूप से भारी वाहनों और तेज गति से चल रहे परिवहन साधनों की जांच की गई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए सात वाहनों पर कुल 86,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जिसे मौके पर ही राजस्व के रूप में वसूला गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल ने बताया कि यह अभियान उपायुक्त के निर्देश पर शुरू किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य जिले में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि कई भारी वाहन निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में चल रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वाहन जांच का यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। इस कार्रवाई में परिवहन पदाधिकारी के साथ मो. तनवीर सहित विभाग के अन्य कर्मी भी मौजूद रहे।