खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक निर्माणाधीन पुल परियोजना पर हथियारबंद अपराधियों ने हमला कर दहशत फैला दी। सोंदारी पाकर टोली से गुडगुडचुंवा तक बन रहे पुल के कार्यस्थल पर पहुंचे बदमाशों ने मजदूरों के साथ मारपीट की, मोबाइल फोन छीने और फायरिंग कर इलाके में भय का माहौल बना दिया। घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और संभावित उग्रवादी कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तीन अपराधी एक अपाचे बाइक पर सवार होकर निर्माण स्थल पर पहुंचे थे। वहां पहुंचते ही उन्होंने मजदूरों के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया और विरोध करने पर मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने करीब दर्जनभर मजदूरों के मोबाइल फोन छीन लिए। मजदूरों को डराने के उद्देश्य से बदमाशों ने चार राउंड हवाई फायरिंग भी की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि, अपराधियों की योजना उस समय विफल हो गई जब निर्माण कार्य में लगे मजदूर एकजुट हो गए। मजदूरों ने लाठी-डंडों के साथ बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। अचानक हुए इस विरोध से घबराकर आरोपी अपनी बाइक घटनास्थल पर ही छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए।
तोरपा सर्किल इंस्पेक्टर अशोक सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। घटनास्थल से छोड़ी गई अपाचे बाइक जब्त कर ली गई है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस लूटे गए मोबाइल फोन की बरामदगी और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि मामले में पीएलएफआई संगठन की संलिप्तता की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि सोंदारी पाकर टोली से गुडगुडचुंवा तक बनने वाला यह पुल लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।