जामताड़ा: गोविंदपुर-साहिबगंज नेशनल हाईवे पर मोहनपुर मोड़ के समीप मंगलवार को ट्रक और चांदनी यात्री बस में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में करीब आठ यात्री घायल हो गए। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पिकअप वाहन से सीएचसी नारायणपुर पहुंचाया गया।
ये हुए घायल
घायलों में बिनोद दास (65), करोना देवी (56), दिवाकर भंडारी (66), बंशीका कुमारी (3), अंकुश कुमार (37), मुमताज अंसारी (18) और मरियम मुर्मू (30) शामिल हैं।सीएचसी में चिकित्सक डॉ. अर्नब स्वरूप ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि दो गंभीर घायलों को धनबाद पीएमसीएच रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि बस धनबाद से दुमका जा रही थी, जबकि ट्रक जामताड़ा से नारायणपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान मोहनपुर मोड़ के पास दोनों में आमने-सामने टक्कर हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट