नाला में दर्दनाक सड़क हादसा, 2 लोगों की मौत, खड़ी ट्रैक्टर की ट्रॉली से टकराई बाइक

जामताड़ा जिले के नाला थाना क्षेत्र अंतर्गत सियारकटिया मोड़ के पास पेट्रोल पंप के समीप सड़क हादसे में सागर डोम (45) और छोटन डोम (22) की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

जामताड़ा : जामताड़ा जिले के नाला थाना क्षेत्र अंतर्गत सियारकटिया मोड़ के पास पेट्रोल पंप के समीप सड़क हादसे में सागर डोम (45) और छोटन डोम (22) की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, सागर डोम और छोटन डोम (पिता-पुत्र) नाला से अपने घर संगाजुड़ी जा रहे थे। इसी दौरान सियारकटिया मोड़ के पास पेट्रोल पंप के समीप सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर की ट्रॉली से उनकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और देखते ही देखते सड़क जाम किया गया जिससे लगभग तीन घंटा आवागमन बाधित रहा।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही नाला थाना प्रभारी विकास कुमार यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, नाला सर्किल इंस्पेक्टर बिहारी मरांडी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के बाद सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हुआ। घटनास्थल पर झारखंड के पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा बाटुल एवं पूर्व प्रत्याशी माधव चंद्र महतो भी पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर लोगों को समझाया, जिसके बाद सड़क जाम हटाया गया। 

पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया गया

पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया गया। इस सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक व्याप्त है। इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से परिवार को तत्काल आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया एवं सड़क दुर्घटना के उपरांत मिलने वाली मुआवजा और इंश्योरेंस के बारे में जानकारी दी गई।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट