जामताड़ा : देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संबोधित विकसित भारत संकल्प सभा का लाइव प्रसारण बुधवार को जामताड़ा के गांधी मैदान में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह एवं भाजपा नेत्री सीता सोरेन उपस्थित रहीं।प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम के समापन के बाद गांधी मैदान से मां चंचला चौक होते हुए पूरे बाजार में दीप ज्योति यात्रा निकाली गई।
प्रधानमंत्री मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे हुए हैं - पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। गुजरात मॉडल को देखकर देश की जनता ने 2014 में उन्हें जनादेश दिया। उनके नेतृत्व में देश में 15 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। विश्व भी मानता है कि मोदी काल में भारत ने आर्थिक विकास में बड़ी छलांग लगाई है। 2047 तक भारत निश्चित रूप से विकसित राष्ट्र बनेगा। भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने कहा कि प्रधानमंत्री के 12 वर्षों के विकास कार्यों को देखकर ही कहा जा सकता है कि 2047 तक विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा। नए अस्पताल, विश्वविद्यालय, गांवों तक पक्की सड़क, किसान हित में आधुनिक खेती और हर घर स्वच्छ जल जैसी योजनाओं ने विकास की नई गाथा लिखी है। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि पीएम के संबोधन के बाद सेवा संकल्प अभियान के तहत दीप जलाकर नगर भ्रमण किया गया।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट