जामताड़ा: जामताड़ा जिला के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत कालीपाथर मोड़ से सुगुनीबासा गांव तक पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास शुक्रवार को किया गया। मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना वर्ष 2024-25 के तहत बनने वाली इस सड़क की लंबाई 1.350 किलोमीटर है। शिलान्यास विधानसभा अध्यक्ष सह नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो के कर कमलों द्वारा शीलापट्ट का अनावरण कर तथा नारियल फोड़ कर संपन्न हुआ।
इस सड़क के बनने से सुगुनीबासा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। बरसात के दिनों में कीचड़ और कच्ची सड़क के कारण ग्रामीणों को होने वाली परेशानी से निजात मिलेगी। साथ ही बच्चों को स्कूल जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचने और किसानों को अपनी फसल बाजार तक ले जाने में आसानी होगी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि नाला विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़कें सिर्फ आने-जाने का माध्यम नहीं, बल्कि विकास की रीढ़ हैं। गांव की सड़क अच्छी होगी तो गांव का विकास अपने आप होगा।
उन्होंने कहा कि कुंडहित प्रखंड सहित नाला विधानसभा के हर गांव तक पक्की सड़क पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है। हेमंत सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए संकल्पित है। आने वाले दिनों में क्षेत्र में और भी कई सड़कों का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा। इस दौरान गांव के बारे में उन्होंने बताते हुए कहा कि मुझे अत्यंत खुशी हो रही कि सुगुनीबासा गांव बहुत ही ऐतिहासिक गांव है। इस गांव के प्रायः लोग शिक्षित है एवं इस गांव के लोग बाहर सरकारी नौकरी एवं प्राइवेट कंपनी में अच्छे पोजीशन में काम कर रहे हैं इसलिए इस सड़क का बनना बहुत ही जरूरी था। शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट