दौड़ा स्वच्छ और विकसित झारखंड का संदेश, DC ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को जामताड़ा में जिला स्तरीय रन फॉर स्वच्छ और विकसित झारखंड कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जामताड़ा : झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को जामताड़ा में जिला स्तरीय  रन फॉर स्वच्छ और विकसित झारखंड  कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों, कर्मियों और आम लोगों ने इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत परिसदन भवन (सर्किट हाउस) से हुई। इससे पहले उपायुक्त ने परिसदन भवन परिसर में भगवान बिरसा मुंडा के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों एवं प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।

परिसदन से घोष तालाब तक दौड़े लोग

शपथ के बाद उपायुक्त ने परिसदन भवन से घोष तालाब तक आयोजित दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ परिसदन से प्रारंभ होकर उपायुक्त-पुलिस अधीक्षक आवास होते हुए घोष तालाब छठ घाट पहुंची। घोष तालाब स्थित सूर्य मंदिर छठ घाट पर उपायुक्त के नेतृत्व में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान उपायुक्त ने स्वयं झाड़ू लगाकर घाट की साफ-सफाई की और श्रमदान कर आमजनों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी और जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए।

उपायुक्त ने दी स्थापना दिवस और छठ की शुभकामनाएं

अपने संबोधन में उपायुक्त आलोक कुमार ने समस्त जिलेवासियों को झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं लोक आस्था के महापर्व छठ की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज पूरा झारखंड 26वां स्थापना दिवस मना रहा है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व को लेकर छठ घाटों की विशेष साफ-सफाई की जा रही है। हमारा प्रयास है कि स्थापना दिवस को लेकर आने वाले 28 नवंबर तक प्रखंड स्तर पर और पंचायत स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम व प्रतियोगिता आयोजित होंगे और जो टीम चयनित होगी, उसे राज्य स्तर पर भी भेजा जाएगा। 

उपायुक्त ने कहा- आज का दिन हम लोगों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है

उपायुक्त ने कहा कि आज का दिन हम लोगों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि अलग राज्य झारखंड निर्माण के लिए कितने संघर्ष किए गए। झारखंड को विकसित राज्य बनाने की कल्पना को साकार करने के लिए हम लोगों को हर दिशा में बढ़-चढ़कर काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी से अपील की कि अपने स्तर से जो भी योगदान हो, राज्य के विकास के लिए जरूर करें, ताकि आने वाले समय में हमारा झारखंड एक विकसित राज्य के रूप में जाना जा सके। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, अध्यक्ष नगर पंचायत जामताड़ा आशा गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक (मु.) नीलम कुजूर, एसडीपीओ वसीम रजा, प्रशासक नगर निकाय सोमा खण्डैत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट