चौपारण, हजारीबाग। चतरा मोड़ स्थित प्रसिद्ध देवी मंडप में रविवार को 68वां सालाना गांव गुलजारी पूजन समारोह श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना को लेकर आयोजित पूजा में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाओं और पुरुष श्रद्धालुओं ने देवी मंडप में माथा टेककर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
पूजन समारोह के दौरान यज्ञ एवं हवन का आयोजन किया गया। हवन के बाद श्रद्धालुओं के बीच भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम के बाद मंदिर परिसर में दिनेश सिंह म्यूजिकल जागरण का आयोजन किया गया। रात्रि जागरण में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
विधायक मनोज कुमार यादव, विधायक प्रतिनिधि राजदेव यादव, मुखिया प्रतिनिधि विनोद सिंह, रामस्वरूप पासवान ने भी देवी मंडप में माथा टेककर पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। मौके पर उन्होंने कहा कि चौपारण आध्यात्मिक आयोजनों का बड़ा केंद्र है और चतरा मोड़ स्थित देवी मंडप क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां पहुंचने मात्र से श्रद्धालुओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि 68 वर्षों से लगातार इस परंपरा का निर्वहन होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।
विधायक ने कहा कि गांव के गुलजार रहने, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना से आयोजित होने वाली यह पूजा अपनी तरह की अनूठी परंपरा है। लगातार 68 वर्षों से मंदिर समिति के सदस्यों द्वारा इस परंपरा को आगे बढ़ाना पूरे क्षेत्र के लिए मिसाल है। ऐसी धार्मिक और सामाजिक परंपराओं का संरक्षण तथा आयोजन निरंतर होते रहना चाहिए।
समारोह में पूजा समिति के अध्यक्ष घनश्याम यादव, सचिव विष्णु साहू, कोषाध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता, मीडिया प्रभारी दिलीप राणा, उपसचिव ब्रह्मदेव यादव, संयोजक सुजीत यादव, हेमराज साहू, प्रशांत राणा, विनोद केसरी, उदय केसरी सहित समिति के दर्जनों सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे। पूजा और जागरण के दौरान मंदिर परिसर में पूरे समय श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।
हजारीबाग से सुनील ठाकुर की रिपोर्ट