गुमला में रिश्तों का विवाद बना चर्चा का विषय, महिला ने पूर्व साथी पर लगाए गंभीर आरोप

गुमला में रिश्तों का विवाद बना चर्चा का विषय, महिला ने पूर्व साथी पर लगाए गंभीर आरोप

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : May 16, 2026, 11:51:00 AM

झारखंड के गुमला जिले में एक महिला से जुड़े पारिवारिक और व्यक्तिगत संबंधों का विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। सदर थाना में दर्ज शिकायत के बाद मामला इलाके में चर्चा का केंद्र बन गया है। महिला ने अपने पूर्व लिव-इन साथी पर हिंसा, मानसिक उत्पीड़न और नकदी छीनने जैसे आरोप लगाए हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक, रायडीह थाना क्षेत्र के डुमरटोली गांव की रहने वाली फुलसुंदरी कुमारी ने कुछ वर्ष पहले सदर थाना क्षेत्र के जोराडांड़ निवासी मिनाज नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। दोनों करीब चार साल तक साथ रहे और उनके एक बच्चे का जन्म भी हुआ। बाद में दोनों के रिश्तों में दूरी आ गई और महिला मिनाज से अलग होकर गम्हरिया निवासी अजय महली के साथ रहने लगी।

बताया जा रहा है कि फुलसुंदरी और अजय महली लगभग छह से सात वर्षों तक साथ रहे। इस दौरान उनके यहां भी एक बच्चे का जन्म हुआ। हालांकि महिला का आरोप है कि इस रिश्ते के दौरान उसे लगातार प्रताड़ना झेलनी पड़ी। उसने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि अजय अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और धमकियां देता था। महिला ने यह भी दावा किया कि करीब एक वर्ष पहले हुई मारपीट में उसका हाथ टूट गया था।

फुलसुंदरी के अनुसार लगातार विवाद और हिंसा से परेशान होकर वह चार दिन पहले अपने पहले पति मिनाज के पास वापस लौट आई थी। इसी बीच गुरुवार की शाम वह मिनाज के साथ शहर में घरेलू सामान खरीदने गई थी। महिला का आरोप है कि उसी दौरान अजय महली उनका पीछा करते हुए वहां पहुंचा और सदर थाना के पास उससे करीब 10 हजार रुपये छीनकर फरार हो गया।

घटना के बाद महिला ने तत्काल सदर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। दूसरी ओर, अजय महली ने आरोपों से अलग अपना पक्ष रखते हुए कहा कि महिला उसके साथ रहेगी या नहीं, इसका निर्णय गांव की बैठक में किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान और शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।