झारखंड के गुमला शहर में एक नाबालिग छात्रा की सूझबूझ और साहस ने संभावित आपराधिक घटना को टाल दिया। इंटर में दाखिले के लिए शहर पहुंची 17 वर्षीय छात्रा ने समय रहते खतरे को भांप लिया और ऑटो से कूदकर अपनी जान बचाई। मामले के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक छात्रा बस से गुमला पहुंची थी। वह सिसई रोड स्थित बड़ााइक पेट्रोल पंप के पास संत पत्रिक कॉलेज जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक ऑटो चालक ने उससे कॉलेज का पता पूछकर अपने वाहन में बैठा लिया। आरोप है कि चालक ने छात्रा को निर्धारित मार्ग से ले जाने के बजाय काफी देर तक अलग-अलग रास्तों पर घुमाया।
पीड़िता के अनुसार बाद में ऑटो चालक जशपुर रोड की ओर बढ़ा और बाइपास के रास्ते तर्री जंगल क्षेत्र की तरफ जाने लगा। सुनसान इलाका देखकर छात्रा को शक हुआ और उसने वाहन रोकने को कहा। इसी बीच मौका मिलते ही उसने चलती ऑटो से छलांग लगा दी और वहां से भागकर नजदीक के एक घर में शरण ली।
स्थानीय लोगों ने छात्रा को सुरक्षित रखा और उसे फोन उपलब्ध कराया, जिससे उसने अपने परिजनों को सूचना दी। कुछ समय बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी चालक वहां से फरार हो चुका था।
घटना के बाद छात्रा अपने भाई के साथ कॉलेज पहुंची, जहां संयोग से वही ऑटो चालक दोबारा दिखाई दिया। छात्रा की पहचान के बाद उसके भाई ने चालक को पकड़ लिया। देखते ही देखते आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पीड़िता ने मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।