गिरिडीह में देर रात सड़क पर उतरे एसपी, सुरक्षा समीक्षा के साथ बांटे कंबल

गिरिडीह में देर रात सड़क पर उतरे एसपी, सुरक्षा समीक्षा के साथ बांटे कंबल

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Dec 30, 2025, 10:29:00 AM

गिरिडीह जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति को परखने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने देर रात खुद मोर्चा संभाला। बिना पूर्व सूचना के शहर की सड़कों पर निकलकर उन्होंने प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों और अलग-अलग थाना इलाकों का निरीक्षण किया।

इस दौरान एसपी ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद किया और उन्हें पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने, वाहन जांच को प्रभावी बनाने और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के क्रम में रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग और चेकिंग व्यवस्था की भी गहन समीक्षा की गई। एसपी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था के मामले में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिले में शांति बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ एसपी डॉ. बिमल कुमार का मानवीय पक्ष भी सामने आया। शहर भ्रमण के दौरान उन्होंने सड़क किनारे सो रहे मजदूरों, जरूरतमंदों और देर रात तक काम करने वाले लोगों को कंबल वितरित किए। साथ ही, सभी से ठंड से बचाव और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की।

एसपी ने कहा कि पुलिस की भूमिका केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर और वंचित वर्ग की मदद करना भी उसका दायित्व है। ठंड के मौसम में जरूरतमंदों की सहायता करना पुलिस की सामाजिक जिम्मेदारी का अहम हिस्सा है।