छेड़खानी का विरोध करने पर महिला पर फेंका खौलता हुआ तेल, एक आरोपी गिरफ्तार

छेड़खानी का विरोध करने पर महिला पर फेंका खौलता हुआ तेल, एक आरोपी गिरफ्तार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Dec 22, 2025, 2:17:00 PM

गिरिडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में रविवार शाम मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। छेड़खानी का विरोध करने पर दो युवकों ने एक महिला पर खौलता तेल डाल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। घायल महिला को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

स्थानीय पूर्व मुखिया राजेश वर्मा के अनुसार, पीड़िता का पति दिव्यांग है और परिवार की आजीविका का जिम्मा उसी के कंधों पर है। वह गांव में फास्ट फूड की छोटी दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करती है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार की शाम कुछ युवक उसकी दुकान पर पहुंचे और उसके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। महिला ने जब इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपियों ने समोसे तलने के लिए रखे उबलते तेल को उस पर उड़ेल दिया और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और कार्रवाई करते हुए एक आरोपी, उदय चौधरी, को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, दूसरे आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।