जमशेदपुर दौरे पर रवाना हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, NIT दीक्षांत समारोह में करेंगी शिरकत

जमशेदपुर दौरे पर रवाना हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, NIT दीक्षांत समारोह में करेंगी शिरकत

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Dec 29, 2025, 10:15:00 AM

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज सुबह रांची स्थित लोकभवन से सेना के हेलीकॉप्टर के जरिए जमशेदपुर के लिए रवाना हुईं। राष्ट्रपति पद संभालने के बाद यह उनका जमशेदपुर का पहला आधिकारिक दौरा है, जिसे लेकर प्रशासन ने पूरे शहर में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।

इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान राष्ट्रपति के साथ झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल संतोष गंगवार भी मौजूद रहेंगे। महामहिम के आगमन को देखते हुए सोनारी एयरपोर्ट से करनडीह तक जाने वाले मार्ग को पूरी तरह सील कर दिया गया है, वहीं शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर भी अस्थायी रोक लगा दी गई है।

करीब साढ़े पांच घंटे के जमशेदपुर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति करनडीह में आयोजित ‘ओलचिकी लिपि’ के शताब्दी वर्ष समापन समारोह में भाग लेंगी। इस अवसर पर वे ओलचिकी लिपि के प्रणेता पंडित रघुनाथ मुर्मू को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगी। इसके बाद उनका कार्यक्रम आदित्यपुर स्थित एनआईटी जमशेदपुर में प्रस्तावित है, जहां वे संस्थान के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगी।

निर्धारित कार्यक्रमों के समापन के पश्चात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शाम लगभग 3:40 बजे वापस रांची के लिए प्रस्थान करेंगी।