11 प्रशिक्षु IAS का दो दिवसीय विंटर स्टडी टूर संपन्न, उद्योग और जनजातीय संस्कृति से लिया जमीनी अनुभव

11 प्रशिक्षु IAS का दो दिवसीय विंटर स्टडी टूर संपन्न, उद्योग और जनजातीय संस्कृति से लिया जमीनी अनुभव

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 02, 2026, 10:48:00 AM

भारतीय प्रशासनिक सेवा के 11 प्रशिक्षु अधिकारियों का एक दल विंटर स्टडी टूर के तहत दो दिवसीय शैक्षणिक अध्ययन यात्रा पर जमशेदपुर पहुंचा। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षु अधिकारियों को उद्योग, वाणिज्य, वित्तीय प्रणाली, अर्थव्यवस्था, संसाधन प्रबंधन और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों की व्यवहारिक जानकारी देना था।

अध्ययन यात्रा के पहले दिन प्रशिक्षु अधिकारियों ने टाटा स्टील प्लांट का दौरा किया, जहां उन्हें औद्योगिक उत्पादन की प्रक्रियाओं, आधुनिक तकनीकों के उपयोग, संसाधनों के कुशल प्रबंधन और औद्योगिक संचालन की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके बाद अधिकारियों ने पी.एन. बोस मेमोरियल स्थित ट्राइबल कल्चर सेंटर का भ्रमण किया, जहां उन्होंने जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक ढांचे को करीब से समझा।

इसके अलावा, सेंटर फॉर एक्सीलेंस के निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों को कौशल विकास, नवाचार और मानव संसाधन सशक्तिकरण से संबंधित कार्यक्रमों और गतिविधियों से अवगत कराया गया। इस दौरान प्रशासनिक क्षमता निर्माण से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर भी चर्चा हुई।

यह शैक्षणिक भ्रमण प्रशिक्षु अधिकारियों के लिए प्रशासनिक दृष्टि से अत्यंत उपयोगी साबित हुआ। इससे उन्हें नीति निर्माण, औद्योगिक प्रगति, आर्थिक गतिविधियों तथा संसाधनों के प्रभावी उपयोग को लेकर वास्तविक अनुभव प्राप्त हुआ।

इस अध्ययन यात्रा में प्रशिक्षु अधिकारी हरिप्रसाथ एम, सुशांत कुमार, शिवानी मोहन, सक्षम भाटिया, पाटिल कृष्णा बाबरुवान, एल. कुमुद मिश्रा, फरखंदा कुरैशी, दिव्यांश मीणा, अभिषेक कुमार सिंह, गोवसिका पी.आर. और अंकित पांडेय शामिल रहे। जिला प्रशासन की ओर से भ्रमण को सफल बनाने के लिए आवश्यक समन्वय और सहयोग उपलब्ध कराया गया। उपायुक्त के निर्देशानुसार डिस्ट्रिक्ट लीड (एडीपी) अभिषेक झा ने पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया।