राजधानी रांची में चल रहे छात्रों के आंदोलन का भारतीय जनता युवा मोर्चा ने समर्थन किया है। पार्टी विधानसभा घेराव में साथ देगी। यह जानकारी धनबाद जिला भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष नित्यानंद मंडल ने शनिवार को दी।
शनिवार को इस संबंध में आयोजित एक प्रेसवार्ता में नित्यानंद मंडल ने कहा कि राज्य में jpsc jssc पेपर लीक, भर्ती में भ्रष्टाचार, अनियमितता हो रही है। छात्र आंदोलन कर रहे हैं। वे सीबीआई से जांच करने की मांग कर रहे हैं लेकिन सरकार के कानों में जू तक नहीं रेंग रही है। उत्तर प्रदेश में ब्लैकलिस्टेड कंपनी टीडीपीएल को एग्जाम कराने की जिम्मेदारी देना सरकार की लापरवाही को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि राज्य के शिक्षा मंत्री सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इस्तीफा दे देना चाहिए। छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। छात्रों के इस आंदोलन में पूरे राज्य से भाजपा युवा मोर्चा के सदस्य उनका समर्थन करेंगे और आगामी 10 अगस्त को विधान सभा का घेराव करेंगे। पार्टी छात्रों का हौसला अफजाई करेगी कि इन भ्रष्टाचारियों से छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली सरकार के खिलाफ अपनी लड़ाई बुलंद तरीके से लड़ सके।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट