धनबाद जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित बिशनपुर की राजवार बस्ती में फूड सेफ्टी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गुटखा गोदाम को सील कर दिया। विभाग की जांच टीम जब गोदाम पहुंची तो संचालक सचिन चौरसिया न तो मौके पर पहुंचे और न ही गोदाम का ताला खुलवाया। इसके बाद फूड सेफ्टी अधिकारी ए. राजा के नेतृत्व में टीम ने गोदाम को सील कर दिया। मामले में अब आगे विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
फूड सेफ्टी विभाग को शुक्रवार को सूचना मिली थी कि गुटखा लदे एक कंटेनर में आग लग गई है, जिसमें चालक झुलस गया। इसी मामले की जांच के सिलसिले में विभाग की टीम बिशनपुर स्थित उस गोदाम पहुंची, जहां पान मसाला और गुटखा रखे जाने की सूचना थी। जांच के दौरान गोदाम संचालक सचिन चौरसिया ने टीम के साथ सहयोग नहीं किया। सूचना देने के बावजूद न तो वह मौके पर पहुंचे और न ही गोदाम का ताला खुलवाया। इतना ही नहीं, उन्होंने फोन भी बंद कर दिया, जिसके कारण जांच आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद विभाग ने गोदाम को सील कर दिया।
फूड सेफ्टी अधिकारी ए. राजा ने बताया कि आगग्रस्त कंटेनर से पान मसाला का सैंपल लेकर उसे सदर थाना में सुरक्षित रखा गया है। सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। फूड सेफ्टी विभाग की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच रिपोर्ट में क्या सामने आता है और गोदाम संचालक के खिलाफ आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाती है।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट