बेखौफ अपराधियों का तांडव, सुशी इंफ्रा दफ्तर पर दिनदहाड़े की लगातार हवाई फायरिंग

झारखंड के चतरा जिले से खबर है। यहां टंडवा क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ गया है कि उन्होंने दिनदहाड़े गोलीबारी कर दहशत फैला दी। मामला टंडवा थाना क्षेत्र के ग्राम उड़सू का है।

झारखंड के चतरा जिले से खबर है। यहां टंडवा क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ गया है कि उन्होंने दिनदहाड़े गोलीबारी कर दहशत फैला दी। मामला टंडवा थाना क्षेत्र के ग्राम उड़सू का है, जहाँ चंद्रगुप्त कोल परियोजना में उत्खनन कार्य कर रही सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय को निशाना बनाकर लगभग आठ राउंड हवाई फायरिंग की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार की दोपहर करीब 2:25 बजे के करीब दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए चार नकाबपोश अपराधियों ने अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। कार्यालय परिसर में गोलियों की आवाज़ से अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी टंडवा की ओर तेजी से फरार हो गए। 

मिली जानकारी के अनुसार जिस भवन में फायरिंग हुई, वह स्थानीय निवासी जीवन दास का बताया जा रहा है। जीवन दास खुद बाहर रहते हैं, जबकि मकान के दो कमरों में उनके बुजुर्ग माता-पिता और छोटा भाई निवास करते हैं। इसी परिसर के बाकी हिस्सों में पिछले तीन-चार वर्षों से सुशी इंफ्रा कंपनी अपना पर्सनल दफ्तर चला रही है,जहाँ से चंद्रगुप्त कोल परियोजना के उत्खनन कार्य का संचालन किया जाता है। इस कार्यालय में सुशी इंफ्रा कंपनी के जीएम आरएस यादव द्वारा ऑफिस का संचालन करीब चार वर्षों से किया जा रहा था।

इधर घटना की सूचना तुरंत टंडवा थाना पुलिस को दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। हवाई फायरिंग में चलाई गई गोली के करीब सात से आठ खोखे मौके पर पाये गये हैं। पुलिस पूरे मामले की पडताल में जुटी हुई है।

हजारीबाग से सुनील कुमार ठाकुर की रिपोर्ट