बोकारो। आगामी त्योहारों और धनतेरस को देखते हुए चास पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में चास थाना क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों, खासकर ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई। मॉनिटरिंग टीम का नेतृत्व कर रहे थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने कई ज्वेलरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
इस दौरान दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा सायरन और अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई। थाना प्रभारी ने दुकानदारों को निर्देश दिया कि वे अपने प्रतिष्ठानों में सायरन और सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखें। साथ ही जहां सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था नहीं है, वहां गार्ड रखने की सलाह दी गई।
थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों और ज्वेलरी दुकानों में भीड़ बढ़ती है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए दुकानदारों को सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। पुलिस की यह पहल त्योहारों के दौरान चोरी और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट