बोकारो : बोकारो के चास थाना क्षेत्र के बाबा नगर में महज पांच हजार रुपए के विवाद में मारपीट की घटना सामने आई है। इस घटना में पिता-पुत्र घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, राजू यादव ने पड़ोस में रहने वाले मन्ना कुमार को दो दिन पहले पांच हजार रुपए उधार दिए थे। मन्ना ने एक दिन बाद रुपए लौटाने का वादा किया था। आरोप है कि वह लगातार टालमटोल कर रहा था। शुक्रवार को जब राजू अपने पैसे मांगने मन्ना के घर पहुंचा, तो विवाद शुरू हो गया।
मन्ना और उसके परिवार वालों ने उसे चोर-चोर कहकर शोर मचाया और भीड़ जुटाकर उसकी पिटाई कर दी - राजू
राजू का आरोप है कि मन्ना और उसके परिवार वालों ने उसे चोर-चोर कहकर शोर मचाया और भीड़ जुटाकर उसकी पिटाई कर दी। बेटे को बचाने पहुंचे पिता सुरेंद्र यादव को भी नहीं बख्शा गया। उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना की सूचना पर पहुंची चास पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। मामले को लेकर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट