पटना: स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा है कि राज्य के 30 वर्ष से अधिक आयु के करीब छह करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह बातें बुधवार को ‘जांच एवं उपचार - चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान के शुभारंभ उपरांत उपस्थित मीडिया को संबोधित करते हुए कही।
इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में ‘जाँच एवं उपचार – चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान के तहत गैर-संचारी रोगों (NCD) की व्यापक स्क्रीनिंग शुरू की गई है। आज जिस अभियान की शुरुआत हो रही है, उससे बिहार के लोगों को घर-घर जाकर, उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि समय रहते बीमारियों की पहचान और इलाज सुनिश्चित हो सके।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने बताया कि 30 वर्ष से अधिक आयु के करीब 6 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए राज्य के 14,500 स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यवस्था की गई है। इनमें मधुमेह, हाइपरटेंशन, कैंसर सहित प्रमुख गैर-संचारी रोगों की जांच की जाएगी। जांच में बीमारी की पुष्टि होने पर मरीजों को उपचार, परामर्श, टेलीमेडिसिन और आवश्यक रेफरल की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए नए चिकित्सा उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को जिला स्तर पर मजबूत करने के प्रयासों से रेफरल में कमी आई है। जिला अस्पतालों में 70 प्रकार के ऑपरेशन कराने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें करीब 40 प्रकार के ऑपरेशन की सुविधा अब उपलब्ध है।
मंत्री ने इस अभियान के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं केंद्र सरकार के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया और लोगों से अपील की कि बीमारी को छिपाएं नहीं, बल्कि समय पर स्वास्थ्यकर्मियों से संपर्क कर जांच और उपचार कराएं। उन्होंने युवाओं समेत आमजन से तंबाकू, गुटखा, शराब और ड्रग्स से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशे से बचकर ही स्वस्थ जीवन की ओर आगे बढ़ा जा सकता है। स्वस्थ बिहार ही हमारी प्राथमिकता है।