होटल एंबेसडर, होटल मगध और होटल नंद पर खाद्य संरक्षा इकाई की कार्रवाई, तीन दिनों के लिए रसोई बंद

आम लोगों को सुरक्षित, शुद्ध और स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने पटना के तीन होटलों का निरीक्षण किया।

पटना : आम लोगों को सुरक्षित, शुद्ध और स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने पटना के तीन होटलों का निरीक्षण किया। राजेंद्र पथ स्थित होटल एंबेसडर और होटल मगध तथा भट्टाचार्य रोड स्थित होटल नंद की रसोई में साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के भंडारण से जुड़ी खामियाँ पाई गईं। निरीक्षण के दौरान तीनों होटलों से पनीर का एक-एक नमूना लिया गया। साफ-सफाई के लिए तीनों होटलों की रसोई तीन दिनों के लिए बंद की गई है।

निरीक्षण प्रतिवेदनों के अनुसार, होटल एंबेसडर और होटल मगध की रसोई में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री एक ही जगह रखी मिली। मसालों के डिब्बों पर जंग भी पाई गई। तीनों प्रतिष्ठानों में निरीक्षण के समय स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पानी की जाँच रिपोर्ट और कीट नियंत्रण से जुड़े अभिलेख उपलब्ध नहीं मिले। कार्रवाई के दौरान होटल एंबेसडर में तीन किलोग्राम पनीर, 500 ग्राम कॉर्नफ्लोर, खाद्य रंग के तीन पैक, मसालों के पांच डिब्बे, बेकिंग पाउडर के पांच पैक और कॉफी का एक पैक नष्ट किया गया। वहीं, होटल मगध में दो किलोग्राम पनीर, 1.25 किलोग्राम दाल मखनी, 10 किलोग्राम ग्रेवी और एक किलोग्राम चिकन नष्ट किया गया। जबकि, होटल नंद में तीन किलोग्राम पनीर, तीन लीटर दूध और तीन किलोग्राम आटा नष्ट किया गया। निरीक्षण में मिली खामियों पर संबंधित प्रतिष्ठानों से स्पष्टीकरण माँगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर खाद्य कारोबार की अनुज्ञप्ति के निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है।

खाद्य संरक्षा इकाई नियमित निरीक्षण और नमूना संग्रह के माध्यम से खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों के पालन पर लगातार नजर रख रही है। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों पर कार्रवाई से प्रतिष्ठानों को रसोई की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और भोजन तैयार करने की प्रक्रियाओं में सुधार करने में मदद मिलती है। इन प्रयासों का उद्देश्य उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की रक्षा करना और बाहर मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर उनका भरोसा बढ़ाना है।