झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा: धनबाद-जामताड़ा में कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई जेटेट परीक्षा

झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची के तत्वावधान में आयोजित 'झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026' रविवार को धनबाद और जामताड़ा जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

धनबाद : झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची के तत्वावधान में आयोजित 'झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026' रविवार को जिले के सभी 108 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। जिला प्रशासन द्वारा किए गए पुख्ता सुरक्षा प्रबंधों के बीच परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। प्रथम पाली पूर्वाह्न 09:30 बजे से अपराह्न 12:00 बजे तक  तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:00 बजे से अपराह्न 04:30 बजे तक आयोजित की गई। दो पालियों में लगभग 48 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए। वहीं जामताड़ा में रविवार 01 नवंबर को जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में कुल 8756 परीक्षार्थियों में से प्रथम पाली में 5373 एवं द्वितीय पाली में 2595 परीक्षार्थी शामिल हुए। 

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने एसएसएलएनटी महिला कॉलेज, बीएसएस महिला कालेज, बीएसएस बालिका उच्च विद्यालय, राजकीय पॉलिटेक्निक धनबाद, अभय सुंदरी गर्ल्स हाई स्कूल, प्राणजीवन एकेडमी धनबाद, एसएसएलएनटी सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, डीएवी प्लस टू हाई स्कूल धनबाद, खालसा स्कूल बैंक मोड़, उत्क्रमित उच्च विद्यालय लोवाडीह धनबाद सहित जिले के विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।

साथ में उपायुक्त में सभी विद्यालयों का निरीक्षण किया और उसके सुदृढ़ीकरण और आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच (फ्रिस्किंग), सिंगल गेट एंट्री, सीसीटीवी निगरानी और वीडियोग्राफी के साथ प्रश्नपत्रों के वितरण की प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से पूरी की गई। अनुमंडल दंडाधिकारी  लोकेश बारंगे के निर्देशानुसार सभी केंद्रों की 100 मीटर की परिधि में लागू बीएनएसएस की धारा 163 का कड़ाई से अनुपालन कराया गया। समाहरणालय स्थित जिला परीक्षा नियंत्रण कक्ष से पूरे जिले की स्थिति पर सतत निगरानी रखी गई।

परीक्षा के सफल, निर्बाध एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केन्द्राधीक्षकों, वीक्षकों तथा सहयोगी विभागों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

जामताड़ा में कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई जेटेट परीक्षा, 20 केंद्रों पर हुई परीक्षा

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह के संयुक्त पर्यवेक्षण में जिले में कड़ी सुरक्षा एवं निगरानी के बीच झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) 2026 निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। रविवार 01 नवंबर को जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में कुल 8756 परीक्षार्थियों में से प्रथम पाली में 5373 एवं द्वितीय पाली में 2595 परीक्षार्थी शामिल हुए। प्रथम पाली में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 06 से 08) के लिए कुल 5984 परीक्षार्थियों में से 5373 उपस्थित रहे, जबकि 611 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा 01 से 05) के लिए 2772 में से 2595 परीक्षार्थी उपस्थित हुए और 177 अनुपस्थित रहे।

परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। सभी केंद्रों पर सुव्यवस्थित ढंग से परीक्षा संचालित हुई। इस दौरान समाहरणालय सभागार में बनाया गया जिला नियंत्रण कक्ष पूरी तरह सक्रिय रहा, जिसका सतत अनुश्रवण अपर समाहर्ता सह वरीय नोडल पदाधिकारी पूनम कच्छप द्वारा किया गया।शांतिपूर्ण परीक्षा आयोजन को लेकर उपायुक्त आलोक कुमार ने परीक्षा से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी पदाधिकारियों, कर्मियों, केंद्राधीक्षकों, पुलिस पदाधिकारियों, वीक्षकों एवं प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सभी के आपसी समन्वय, कर्तव्यनिष्ठा एवं सक्रिय सहयोग से ही परीक्षा का सफल आयोजन संभव हो सका।

जामताड़ा से संतोष कुमार और धनबाद से युधिष्ठिर की रिपोर्ट