पटना: राजधानी सहित पूरे राज्य में सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में विकसित किए गए 700 मॉडल स्कूलों का बुधवार को वृहद निरीक्षण किया जाएगा। इन विद्यालयों में हुए बदलाव और शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लेने के लिए नोडल अफसर तैनात किए गए हैं। सभी मॉडल स्कूलों में इसी दिन अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी भी बुलाई गई है।
शिक्षा विभाग ने हर विद्यालय के लिए नोडल अफसर के चयन की जिम्मेदारी जिलों के डीएम को सौंपी थी। निरीक्षण के दौरान नोडल अफसर विद्यालयों में हुए सकारात्मक बदलाव और अनुशासन की स्थिति का जायजा लेंगे। इस दौरान विद्यालय की समग्र व्यवस्था के साथ-साथ आधारभूत संरचना, कक्षाओं में शिक्षण व्यवस्था और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की जाएगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मॉडल स्कूलों में संचालित कोचिंग एवं अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली जाएगी। साथ ही, अभिभावकों के साथ शिक्षकों के संवाद और विद्यालय की गतिविधियों में अभिभावकों की भागीदारी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
संगोष्ठी में अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बच्चों की पढ़ाई, सीखने की प्रगति और विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर संवाद होगा। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में हो रहे बदलाव और बेहतर शैक्षणिक वातावरण से संबंधित फोटो एवं वीडियो भी तैयार किए जाएंगे। इनका प्रसारण सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा। इससे मॉडल स्कूलों में हो रहे सकारात्मक बदलाव की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगी।