वैशाली जिले के लालगंज से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां निर्माणाधीन सिक्स लेन पुल के निर्माण कार्य के दौरान अचानक ढांचा गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और घायल मजदूरों को इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर पहुंचाया गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह सदर अस्पताल पहुंचीं। DM ने अस्पताल में भर्ती घायल मजदूरों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों और चिकित्सा अधिकारियों से घायलों के इलाज की जानकारी भी ली।
DM ने अस्पताल प्रशासन और CMO को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि घायल मजदूरों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और उन्हें हर जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
वहीं, घटना को गंभीरता से लेते हुए DM ने निर्माण कार्य से जुड़े कंस्ट्रक्शन मैनेजर से भी बातचीत की और हादसे की पूरी वजह की जांच जल्द कराने का आदेश दिया।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर निर्माणाधीन पुल का ढांचा अचानक कैसे गिरा? क्या निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था? क्या निर्माण में किसी तरह की लापरवाही हुई या फिर हादसे के पीछे कोई तकनीकी वजह थी?
इन तमाम सवालों का जवाब जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है और जांच के आदेश दिए गए हैं। घायल मजदूरों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
वैशाली से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट