हाजीपुर (वैशाली): बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद शराब तस्करों की सक्रियता के बीच पातेपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2351.88 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त छह वाहनों को भी कब्जे में लिया है। हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही सभी कारोबारी मौके से फरार होने में सफल रहे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार की अहले सुबह पातेपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर इलाके में शराब की एक बड़ी खेप उतारी जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अवर निरीक्षक जयराम कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान मौके से छह वाहनों को जब्त किया गया, जिनमें दो पिकअप, दो बोलेरो, एक वैगनआर और एक एक्सयूवी300 (XUV300) शामिल हैं। वाहनों की तलाशी लेने पर उनमें लदे कुल 266 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 2351.88 लीटर आंकी गई है।
इस संबंध में पातेपुर थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में 2351.88 लीटर अंग्रेजी शराब और छह वाहनों को जब्त किया गया है। उन्होंने बताया कि फरार शराब कारोबारियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है तथा जब्त वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हाजीपुर (वैशाली) से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट