सीवान में दिनदहाड़े लूट, CSP संचालक को गोली मारकर 5 लाख लूटे, इलाके में दहशत

सीवान में अपराधियों के बढ़ते हौसले एक बार फिर सामने आए हैं। सराय थाना क्षेत्र के बभनौली गांव के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया गया

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Mar 20, 2026, 7:04:00 PM

सीवान में अपराधियों के बढ़ते हौसले एक बार फिर सामने आए हैं। सराय थाना क्षेत्र के बभनौली गांव के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। बाइक सवार तीन अपराधियों ने एक सीएसपी संचालक को गोली मारकर 5 लाख रुपये लूट लिए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

घायल की पहचान 45 वर्षीय अशोक पटेल के रूप में हुई है, जो सराय थाना क्षेत्र के उखई नवका टोला कल्याणपुर के निवासी हैं। वह एक ग्रामीण बैंक के सीएसपी संचालक हैं। जानकारी के मुताबिक, अशोक पटेल सीवान स्थित Axis Bank की शाखा से 5 लाख रुपये निकालकर अपने गांव लौट रहे थे। तभी बभनौली गांव के पास पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें घेर लिया।

बताया जा रहा है कि अपराधियों ने बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। अशोक पटेल को तीन गोलियां लगीं—एक कमर में, एक पैर में और एक पीठ में। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद अपराधी आराम से उनके पास मौजूद 5 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत अशोक पटेल को सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी, जिसके बाद प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे और घायल का बयान दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।