सीवान में बदमाशों ने बाइक सवार सीएसपी संचालक से लूट की है। बदमाशों ने हथियार के बल पर बैग में रखे करीब 1 लाख 60 हजार रुपए की लूट की है। वहीं लूट की घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाशों ने एक राउंड हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
बाइक सवार 3 की संख्या में नकाबपोश बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है।घटना जीरादेई थाना क्षेत्र के अकोल्ही मिडिल स्कूल के पास की है। बताया जा रहा है कि अकोल्ही गांव निवासी सीएसपी संचालक इंद्रजीत प्रसाद विजयपुर स्थित अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनका पीछा किया और मिडिल स्कूल के पास ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने हथियार के बल पर बैग में रखे 1 लाख 60 हजार रुपये नकद, दो लैपटॉप, पासबुक और जरूरी कागजात लूट लिए।
वारदात के बाद बदमाशों ने एक राउंड हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित संचालक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।
सीवान से नागेन्द्र कुमार की रिपोर्ट