शेखपुरा:- जिले के विभिन्न बैंकों में ग्राहकों को खुदरा रुपये लेने के बहाने ठगी करने वाले गिरोह के दो शातिर बदमाशों को टाउन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार उर्फ मनोज पांडे और रवि मिश्रा के रूप में हुई है। दोनों को पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नया टोला से छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की संलिप्तता शेखपुरा के अलावा नालंदा, गया, औरंगाबाद सहित कई जिलों में हुई ठगी की घटनाओं में सामने आई है। रविवार को टाउन थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पचना गांव निवासी अफरोज आलम ने थाने में आवेदन देकर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया था कि वह केनरा बैंक की पचना शाखा में विद्यालय का पैसा जमा करने गए थे। इसी दौरान एक अनजान व्यक्ति ने उनसे 100 और 200 रुपये के खुदरा नोट मांगे। कुल 26 हजार रुपये के खुदरा नोट देने के बदले आरोपी ने उन्हें 500-500 रुपये के नोटों की गड्डी थमा दी। बाद में जब उन्होंने रुपये की गिनती की तो उसमें मात्र 500 रुपये के चार नोट मिले, जबकि बाकी नोट 100 और 50 रुपये के थे। इस तरह उनके साथ करीब 19 हजार रुपये की ठगी कर ली गई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इसी तरह की ठगी की घटना कुसुंभा थाना क्षेत्र की एक महिला के साथ भी हुई थी। इसके अलावा जिले के अन्य बैंकों के आसपास भी खुदरा रुपये बदलने के बहाने लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा था।
लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए एसपी के निर्देश पर पुलिस ने बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की और आरोपियों की तस्वीर सार्वजनिक कर लोगों से पहचान में सहयोग मांगा। इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी भी फरार चल रहा है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के साथ राकेश कुमार, रोशन कुमार एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
शेखपुरा से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट