सासाराम। रोहतास जिले के सासाराम तिलौथू मार्ग पर बीते बुधवार की रात सड़क दुर्घटना में एक लगभग 45 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान धौडाँड़ पंचायत अंतर्गत मेदिनीपुर गांव निवासी विजय सिंह उर्फ बिजली के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान किसान बताए जाते हैं। पुलिस ने फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है और आगे की कार्रवाई चल रही है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई मौत
घटना धौढा़ड़ थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव की बताई जाती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक विजय सिंह किसी काम के सिलसिले में धौढा़ड़ गांव आए थे, तभी सड़क पार करने के दौरान एक अज्ञात ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दिया और मौके से फरार हो गया।
अस्पताल ले जाने के क्रम में मौत
स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि विजय सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां जांच के पश्चात चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इधर घटना की सूचना मिलते हीं परिवार में चीख-पुकार मच गई। जानकारी दी गई कि मृतक विजय सिंह के तीन बच्चे हैं, जो पहले ही अपनी मां को खो चुके हैं। ऐसे में पिता के इस तरह अचानक चले जाने से उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं मामले में धौढा़ड़ थानाध्यक्ष अमित कुमार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट