शिक्षकों के बीच मारपीट और गाली गलौज का वीडियो वायरल, पांच शिक्षक निलंबित

रोहतास जिले के नोखा प्रखंड में एक शिक्षा के मंदिर को शर्मशार करने वाली घटना हुई है। शिक्षकों के बीच मारपीट और गाली-गलौज का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों विद्यालयों के पांच शिक्षकों को निलंबित कर दिया है।

सासाराम। रोहतास जिले के नोखा प्रखंड से एक शिक्षा के मंदिर को शर्मशार करने वाली घटना सामने आई है। दरअसल नोखा प्रखंड के चनकी गांव में एक ही परिसर में संचालित उच्च माध्यमिक प्लस टू विद्यालय चनकी और मध्य विद्यालय चनकी के शिक्षकों के बीच मारपीट और गाली-गलौज का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों विद्यालयों के पांच शिक्षकों को निलंबित कर दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

शिक्षक दिवस के दिन हुई झड़प 

प्राप्त जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो बीते 5 सितंबर यानी शिक्षक दिवस के दिन का बताया जाता है। बता दें कि शिक्षक दिवस के दिन उच्च माध्यमिक प्लस टू विद्यालय चनकी की शिक्षिका अंजू कुमारी एवं मध्य विद्यालय चनकी की विशिष्ट शिक्षिका उमा कुमारी का उच्च माध्यमिक प्लस टू विद्यालय चनकी के शिक्षक अभिषेक उपाध्याय, शिक्षक नित्यानंद भारती एवं शिक्षक उमेश कुमार के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शुरुआत में सभी शिक्षकों के बीच गरमा गरम हुई, इसके बाद दोनों महिला शिक्षक अन्य शिक्षकों के साथ उलझ पड़ीं और मारपीट करते हुए गाली गलौज देने लगी।

मारपीट और गाली गलौज का वीडियो वायरल 

वहीं विद्यालय परिसर में मौजूद एक शिक्षक ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कई शिक्षक मारपीट और गाली गलौज करते हुए देखे व सुने जा सकते हैं। वीडियो सामने आने के बाद घटना ने शिक्षा के मंदिर को कलंकित कर दिया है और स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है।

जांच के बाद पांच शिक्षक निलंबित

इधर मामला संज्ञान में आते हीं शिक्षा विभाग ने जांच के आदेश दे दिए और संयुक्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर घटना में संलिप्त पांच शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय के अनुमोदन पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना ने पांच शिक्षकों के निलंबन का आदेश जारी किया है।

निलंबन अवधि में मिलेगा जीवन यापन भत्ता 

घटना में संलिप्त मध्य विद्यालय चनकी की विशिष्ट शिक्षिका उमा कुमारी के साथ-साथ उच्च माध्यमिक प्लस टू विद्यालय चनकी की शिक्षिका अंजू कुमारी, शिक्षक अभिषेक उपाध्याय, शिक्षक नित्यानंद भारती और शिक्षक उमेश कुमार को भी निलंबित कर दिया गया है। हालांकि निलंबन अवधि में सभी शिक्षकों को नियमानुसार जीवन यापन भत्ता मिलेगा। निलंबन अवधि के दौरान अंजू कुमारी का मुख्यालय अकोढ़ीगोला, अभिषेक उपाध्याय का डिहरी, नित्यानंद भारती का कोचस और उमेश कुमार का चेनारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय निर्धारित किया गया है। वहीं उमा कुमारी का मुख्यालय करगहर निर्धारित किया गया है।

आरोप पत्र होगा गठित

शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश में उक्त कृत्य बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली के प्रावधानों के प्रतिकूल है। विभाग ने इसे अशिष्ट, अमर्यादित और अनुशासनहीनता का परिचायक बताते हुए शिक्षक की गरिमा के विरुद्ध माना है। घटना से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण भी प्रभावित होने की बात कही गई है तथा सभी निलंबित शिक्षकों के विरुद्ध अलग से आरोप-पत्र गठित कर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट