सासाराम : लोक आस्था के महापर्व छठ के बीच रोहतास जिले के दिनारा स्थित मां भलूनी भवानी धाम परिसर में महोत्सव के दौरान बीती रात जमकर हंगामा हुआ। गायक से एमएलसी बने सुपरस्टार पवन सिंह के गाने के दौरान कार्यक्रम में बवाल मच गया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां तक चलानी पड़ी। इस दौरान काफी संख्या में कुर्सियां भी टूट गईं और आयोजक को काफी नुकसान हुआ। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित कर लिया, लेकिन कार्यक्रम को लेकर अब कई तरह के सवाल उठा रहे हैं।
अभद्र गानों की प्रस्तुति पर उठे सवाल
हैरानी की बात यह रही कि महापर्व छठ के बीच मां भलूनी भवानी धाम महोत्सव में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में अभद्र गानों की प्रस्तुति दी गई, जिससे कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। रोहतास जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में जहां लोग भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अपेक्षा रखते हैं, वहां अभद्र गानों की प्रस्तुति जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।
प्रशासन और जनप्रतिनिधि बने रहे मुकदर्शक
इतना हीं नहीं महापर्व छठ के खरना के दिन आयोजित इस कार्यक्रम में अभद्र गानों की प्रस्तुति के दौरान स्टेज पर मौजूद जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मुक दर्शक बने रहे। 'राजा जी के दिलवा टूट जाई' से लेकर 'तवा लेखा गरम मिजाज' सहित अन्य अभद्र गानों की प्रस्तुति से, जहां मां भलूनी भवानी धाम की धार्मिक आस्था और गरिमा के साथ खिलवाड़ हुआ, वहीं दूसरी ओर महापर्व छठ के भक्तिमय माहौल को भी दरकिनार कर दिया गया।
भीड़ पर पुलिस ने बरसाई लाठी
वहीं कार्यक्रम में अभद्र गानों की प्रस्तुति के दौरान भीड़ बेकाबू हो गई। कार्यक्रम में लोगों को बैठने के लिए बिछाई गईं दर्जनों कुर्सियां टूट गई और बांस बल्ले उखड़ गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां तक चलानी पड़ी, इसके बाद मामला शांत हुआ। चूंकि छठ पर्व के दौरान धार्मिक महोत्सव के नाम पर आयोजित इस कार्यक्रम में अभद्र गानों की प्रस्तुति और अव्यवस्था पर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट