भतीजे ने हीं रची थी चाची के साथ लूट की साजिश, 2 किशोर निरुद्ध

रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के गोपालपुर मोड़ के पास बीते 10 अक्टूबर को एक महिला के साथ हुई लूटपाट की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है।

सासाराम : रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के गोपालपुर मोड़ के पास बीते 10 अक्टूबर को एक महिला के साथ हुई लूटपाट की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने महिला के भतीजे समेत दो विधि विरुद्ध बालकों को निरूद्ध किया है और इनके पास से महिला के लूट गए आभूषण, मोबाइल एवं अन्य सामान बरामद हुए हैं। 

ससुराल जाते वक्त हुई थी घटना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाहमल खैरा गांव निवासी सुरेश सिंह की पुत्री गोल्डी कुमारी अपने भतीजे के साथ बाइक पर सवार होकर मायके से अपने ससुराल खखड़ा गांव जा रही थी। इसी दौरान गोपालपुर मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोककर दो मोबाइल, मंगलसूत्र, पायल, कानबाली और मां दुर्गा का लॉकेट लूट लिया और फरार हो गए।

भतीजे ने हीं बनाई थी लूट की योजना

मामले में शनिवार को आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान सदर एसडीपीओ दो संजीव कुमार ने बताया कि महिला के साथ हुई लूट की घटना के पीछे उसके भतीजे का हीं हाथ था। भतीजे ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। लूट में शामिल दो विधि विरुद्ध बालकों को निरूद्ध कर लिया गया है और एक फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।

कॉल डिटेल से सामने आई साजिश

एसडीपीओ ने बताया कि घटना की जांच के लिए गठित टीम को जानकारी मिली कि लूटे गए मोबाइल का इस्तेमाल किया जा रहा है। तकनीकी अनुसंधान और कॉल डिटेल खंगालने पर पुलिस को कई अहम सुराग मिले और संदेह के आधार पर जब भतीजे से पूछताछ की गई, तो उसने अपने दो दोस्तों की संलिप्तता स्वीकार कर ली।

फरार आरोपित के घर से आभूषण बरामद

निरूद्ध भतीजे की निशानदेही पर पुलिस ने खखड़ा गांव निवासी सुनील तिवारी के घर छापेमारी कर लूटे गए आभूषण को बरामद कर लिया है। हालांकि, लूट में शामिल सुनील तिवारी पुलिस के हाथ नहीं लग सका, लेकिन करमैनी गांव से उसके एक नाबालिग साथी को निरुद्ध किया गया है। एसडीपीओ संजीव कुमार के नेतृत्व में गठित टीम में करगहर थानाध्यक्ष रामचंद्र चौपाल, पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार, संजीव कुमार और रघुनाथ राम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट