सासाराम : रोहतास जिले के कोचस बाजार स्थित कंचन ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हुई करोड़ों की लूट के मामले में रोहतास पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज ने कार्रवाई की है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में एएसआई बुधन सिंह चम्पिया समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कोचस बाजार में हथियारबंद 4 अपराधियों ने कंचन ज्वेलर्स में धावा बोलकर आभूषण कारोबारी को बंधक बना लिया था
गौरतलब है कि कोचस बाजार में हथियारबंद चार अपराधियों ने कंचन ज्वेलर्स में धावा बोलकर आभूषण कारोबारी को बंधक बना लिया था। इसके बाद अपराधी दुकान में रखे नकदी और आभूषण लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई थी। प्रारंभिक जानकारी में लूट की रकम और आभूषणों का कुल मूल्य करीब तीन करोड़ रुपए होने की आशंका जताई गई थी।
लूट की वास्तविक राशि का आधिकारिक आकलन अलग से किया जाना है
हालांकि, लूट की वास्तविक राशि का आधिकारिक आकलन अलग से किया जाना है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। एसपी मिस्टर राज ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई को लूटकांड के बाद पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अब अपराधियों की गिरफ्तारी पर नजर
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट ने कोचस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है, तो दूसरी तरफ इस वारदात में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी पुलिस के सामने बड़ी चुनौती है। अब देखना होगा कि पुलिस लूटकांड का उद्भेदन कर अपराधियों को कब तक गिरफ्तार करती है और लूटे गए आभूषणों व नकदी की बरामदगी में कितनी सफलता मिलती है।
सासाराम से लव कुमार की रिपोर्ट