समस्तीपुर: बिहार में तस्करों का नया जुगाड़ फेल, 1.4 करोड़ की 8605 लीटर शराब जब्त

समस्तीपुर विभूतिपुर थाना पुलिस ने बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 18 चक्का ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही 8605.8 लीटर अवैध विदेशी शराब और बीयर जब्त की है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 01, 2026, 3:30:00 PM

समस्तीपुर विभूतिपुर थाना पुलिस ने बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मस्तफापुर झा जी टोला के पास से 18 चक्का ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही 8605.8 लीटर अवैध विदेशी शराब और बीयर जब्त की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.43 करोड़ रुपये आंकी गई है।

कैसे पकड़ी गई शराब 

थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा के नेतृत्व में 30 जून को पुलिस टीम ने संदिग्ध हालत में NL01AA9920 नंबर के 18 चक्का ट्रक को रोककर थाना लाया। जांच के दौरान ट्रक के डाले में यूरिया खाद से ढका एक तहखाना मिला। तहखाना खोलने पर उसमें भारी मात्रा में शराब की खेप मिली। 

इतनी शराब हुई बरामद

 पुलिस ने ट्रक से कुल 875 कार्टन शराब बरामद की। इसमें 587 कार्टन विदेशी शराब की 21,804 बोतल (5149.800 लीटर) और 288 कार्टन बीयर की 6,912 बोतल (3456.000 लीटर) शामिल हैं। कुल मिलाकर 28,716 बोतल शराब जब्त की गई।

फर्जी नंबर प्लेट और कागजात भी मिले 

तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन से एक अतिरिक्त पीली नंबर प्लेट HR46E0127, गाड़ी की RC की छायाप्रति और कंपोस्ट खाद की फर्जी बिल्टी की मूल प्रति भी बरामद हुई है। इससे साफ है कि तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए खाद की आड़ में शराब की तस्करी कर रहे थे।

8 तस्करों पर केस दर्ज 

इस मामले में विभूतिपुर थाना कांड सं0-286/26, दिनांक 30-06-2026, धारा 338/336(3)/340(2) बीएनएस एवं 30(ए)/41(1) बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम-2016 के तहत कुल 8 अवैध शराब कारोबारियों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया-बिहार में शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। गुप्त सूचना मिली थी कि खाद की आड़ में शराब की बड़ी खेप जा रही है, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। किसी भी सूरत में शराब कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा।

समस्तीपुर, संतोष कुमार ठाकुर