समस्तीपुर रोसड़ा थाना क्षेत्र के बाघोंपुर गांव वार्ड 10 निवासी बदलू सहनी का 11 वर्षीय पुत्र अमन कुमार बीते सात दिनों से लापता है। वह 22 सितंबर को स्कूल से पढ़कर घर लौटने के बाद घर के बाहर खेलने के लिए निकला था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
बच्चे के लापता होने से परिवार के लोग चिंतित और परेशान हैं। परिजनों ने बताया कि अमन चार भाई-बहनों में सबसे छोटा है। उसके अचानक लापता होने के बाद रोसड़ा थाने में आवेदन देकर मामले की शिकायत की है। इसके बाद परिवार के लोगों ने बाघोंपुर गांव सहित आसपास के इलाकों में अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन अमन का कोई पता नहीं चल पाया है।
अमन के लापता होने के बाद से उसकी मां शोभा देवी, पिता बदलू सहनी और बूढ़ी दादी सुदामा देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन अमन की तस्वीर हाथ में लेकर उसके वापस लौटने की आस लगाए हुए हैं। परिजनों ने रोसड़ा पुलिस पर मामले में अपेक्षित सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बच्चे के लापता होने की सूचना थाने में देने के बावजूद उसकी तलाश को लेकर पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
सात दिनों से अमन के नहीं मिलने के कारण अब परिजनों को उसकी सुरक्षा को लेकर भय सताने लगा है। इधर, 11 वर्षीय अमन के अचानक गायब होने की घटना से गांव के लोग भी चिंतित हैं। ग्रामीणों में भी बच्चे के सकुशल बरामद होने को लेकर चिंता बनी हुई है। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से अमन की जल्द खोजबीन कर उसे सकुशल बरामद करने की मांग की है।
समस्तीपुर से संतोष कुमार ठाकुर की रिपोर्ट