समस्तीपुर : समस्तीपुर के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र से एक युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और मृतका के शव को चिमथा मेला घाट पर जलाने की बात बताई है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। मामला खानुआ गांव का है।
वीणा देवी को उनकी पुत्री पानो देवी की ससुराल से सूचना मिली कि उनकी बेटी की तबीयत खराब है
पुलिस के अनुसार, पांच जुलाई 2025 को वीणा देवी को उनकी पुत्री पानो देवी की ससुराल से सूचना मिली कि उनकी बेटी की तबीयत खराब है। सूचना मिलने पर वीणा देवी अपनी पुत्री की ससुराल पहुंचीं, जहां ससुराल वालों ने बताया कि उनकी पुत्री घर से भाग गई है। इसके बाद वीणा देवी ने अपनी बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए विद्यापतिनगर थाना में आवेदन दिया।
मामले में विद्यापतिनगर थाना मामला दर्ज किया गया था
इस मामले में विद्यापतिनगर थाना मामला दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में पति अमित सहनी, ससुर हुलस सहनी और सास सुकुमरिया देवी को आरोपी बनाया गया था। उन पर मृतका की हत्या कर शव को गायब करने का आरोप लगाया गया था। मामले में पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में थानाध्यक्ष ने गुप्त सूचना के आधार पर हुलस सहनी और सुकुमरिया देवी को गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है
गिरफ्तारी के बाद दर्ज किए गए स्वीकारोक्ति बयान में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि घटना के बाद मृतका के शव को चिमथा मेला घाट पर जला दिया गया था। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी पता लगा रही है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
समस्तीपुर से संतोष कुमार ठाकुर की रिपोर्ट