समस्तीपुर : समस्तीपुर के पूसा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छठ महापर्व के लिए घर में तैयार किए जा रहे प्रसाद के पकवान को चार वर्षीय मासूम बच्ची द्वारा जूठा कर दिए जाने से नाराज मां ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पिटाई के बाद बच्ची की हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पूसा थाने की पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। मृत बच्ची की पहचान पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव के वार्ड संख्या 12 निवासी राजू पासवान की चार वर्षीय पुत्री सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
छठ पर्व को लेकर परिवार के लोग घाट बनाने के लिए घर के बगल में गए हुए थे - पिता राजू पासवान
घटना के संबंध में बच्ची के पिता राजू पासवान ने बताया कि छठ पर्व को लेकर परिवार के लोग घाट बनाने के लिए घर के बगल में गए हुए थे। इस दौरान उनकी पत्नी रीना कुमारी घर में छठ पूजा के लिए प्रसाद के पकवान तैयार कर रही थी। इसी बीच उनकी चार वर्षीय बेटी सुहानी ने तैयार किए जा रहे पकवान को जूठा कर दिया। इस बात से नाराज होकर रीना कुमारी ने बच्ची की पिटाई कर दी। पिटाई के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद उसकी मां रीना कुमारी ही बच्ची को लेकर इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम पहुंची।
चिकित्सक ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया
हालांकि, वहां चिकित्सक ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों को जब घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने इसकी सूचना पूसा थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पूसा थानाध्यक्ष रमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जानकारी लेने के बाद आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है।छठ का उत्साह मातम में बदल गया।
समस्तीपुर से संतोष कुमार ठाकुर की रिपोर्ट