बिहार के पूर्णिया से एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है। यहां अजब प्रेम की गजब कहानी देखने को मिली। एक शादीशुदा महिला अपने पति और ससुराल को छोड़कर प्रेमी के घर पहुंच गई। वह जिद पर अड़ गई कि रहूंगी तो प्रेमी के साथ ही। फिर हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हुआ, पंचायत, प्रशासन और दोनों परिवारों के लोग एक साथ बैठकर मामले को सुलझाने का प्रयास करते रहे। आखिर में पंचायत ने महिला के परिवार और लड़के के परिवार से लंबी बातचीत के बाद दोनों की हिंदू रीति-रिवाज से शादी करा दी।
यह पूरा मामला कसबा थाना क्षेत्र के मोहनी पंचायत के पैनलाबाड़ी गांव का है। जहां शादीशुदा संजू उरांव अपने पति और ससुराल को छोड़कर प्रेमी करण के घर पहुंच गई। उसने साफ कह दिया कि अब वह पति के पास नहीं जाएगी। करण के साथ ही जीवन बिताना चाहती है। महिला के इस फैसले के बाद गांव में हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हुआ, फिर मामला पंचायत तक पहुंचा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहनी पंचायत के मुखिया श्याम सुंदर उरांव, पैक्स अध्यक्ष शशि मोहन यादव, मुखिया प्रतिनिधि गोपाल यादव समेत कई जनप्रतिनिधियों ने दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत की। काफी देर तक समझाने के बाद और सहमति बनाने की कोशिश के बाद दोनों परिवार शादी के लिए तैयार हो गए।
इसके बाद पंचायत की मौजूदगी में संजू उरांव और करण की हिंदू रीति-रिवाज से शादी करा दी गई। शादी के बाद सामाजिक स्तर पर महिला की विदाई भी कराई गई। इस दौरान कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन और प्रखंड विकास पदाधिकारी मधु कुमारी भी मौजूद रहे, ताकि किसी तरह का विवाद न हो। इस तरह महिला अपने पति को छोड़कर अब प्रेमी के साथ शादी के बंधन में बंध गई। इस अनोखी शादी की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है। जितनी मुंह उतनी बातें हो रही है लोग एक दूसरे से पूछ रहे हैं ऐसा क्या हुआ कि शादीशुदा महिला पति को छोड़कर प्रेमी के साथ शादी कर ली।