पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर अब बिहार के मौसम पर भी साफ नजर आने लगा है। राज्य के कई हिस्सों में सुबह से ही ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। बगहा, बेतिया, मधुबनी समेत करीब 10 शहरों में सुबह-सुबह आसमान में बादल छाए रहे, जबकि कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिला। पछुआ हवाओं के चलने से ठंड और ज्यादा बढ़ गई है।
कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। दृश्यता कम होने की वजह से 6 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं, जबकि एक ट्रेन को रद्द कर दिया गया है। यात्रियों को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने आज बिहार के 6 जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा राज्य के कुछ अन्य जिलों में भी बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि कुल मिलाकर मौसम सामान्य बना रहेगा।
बीते 24 घंटों की बात करें तो पश्चिम चंपारण का वाल्मीकि नगर राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुछ जिलों में बादल तो छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 1 से 3 दिनों तक बिहार में मौसम बदला-बदला रह सकता है। इस दौरान हल्की बारिश, कोहरा और बादलों का असर देखने को मिलेगा। कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है, खासकर उन जिलों में जहां यलो अलर्ट जारी किया गया है।
ठंडी हवाएं अभी बनी रहेंगी, जिससे तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा और कोहरे-धुंध की स्थिति बनी रह सकती है।
वहीं राजधानी पटना की बात करें तो यहां मौसम मिला-जुला रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम है। सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि दिन में मौसम सुहावना रहेगा। न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।