राज्य में मौसम बेईमान बना हुआ है। मौसम विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार एक तरफ राज्य के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश की सूचना है वहीं दूसरी तरफ कई जिलों में उष्ण लहर दर्ज की गयी है। राज्य के कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है।
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान मधेपुरा जिले के पुरैनी मे भारी वर्षा दर्ज की गई। जबकि हल्के से मध्यम स्तर की वर्षा उत्तर-पूर्व तथा दक्षिण-पूर्व भागों के कुछ स्थानों पर दर्ज की गयी। वहीं उत्तर -पश्चिम, उत्तर-मध्य, दक्षिण –पश्चिम तथा दक्षिण मध्य भागों के एक या दो स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई। कैमूर जिले मे उष्ण लहर को दर्ज किया गया ।
सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 42.2°C भभुआ (कैमूर) में दर्ज किया गया। जबकि पूरे राज्य का अधिकतम तापमान 32.6 – 42.2°C के बीच रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ स्थानों के अधिकतम तापमान में 1-2 °C गिरावट दर्ज की गई। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.5°C मोतिहारी (पूर्वी चम्पारण) में दर्ज किया गया। वहीं राज्य का न्यूनतम तापमान 23.5 – 31.3°C के बीच रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ स्थानों के न्यूनतम तापमान में 2-3°C वृद्धि दर्ज की गई। राज्य के पूर्वी चम्पारण में 39 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा दर्ज की गई।
मौसम विभाग की तरफ से अनुमान लगाया गया है कि अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के अनेक भागों के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। हालांकि अगले पांच दिनों के दौरान 2-3 °C की गिरावट होने का पूर्वानुमान है। जबकि अगले 3–4 दिनों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है।