पटना में डॉक्टर के घर बड़ी डकैती, हथियारबंद बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर लाखों लूटे

पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बेखौफ नजर आए हैं. अगमकुआं थाना क्षेत्र में मेदांता अस्पताल के डॉक्टर शुवि शरण के घर आधी रात भीषण डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Jan 30, 2026, 5:01:00 PM

पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बेखौफ नजर आए हैं. अगमकुआं थाना क्षेत्र में मेदांता अस्पताल के डॉक्टर शुवि शरण के घर आधी रात भीषण डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया. 5 से 6 हथियारबंद बदमाश घर में घुस आए और पूरे परिवार को बंधक बना लिया. इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है.

पीड़ित परिवार के अनुसार, वारदात बुधवार देर रात करीब दो बजे हुई. सभी लोग घर में सो रहे थे, तभी अचानक हथियारबंद अपराधी घर में घुस गए. बदमाशों ने सबसे पहले डॉक्टर के माता-पिता को पिस्टल दिखाकर काबू में कर लिया. किसी को भी आवाज करने से मना किया गया.

परिवार ने जब विरोध किया, तो अपराधियों ने बेरहमी दिखाई. डॉक्टर की मां के साथ मारपीट की गई, जिससे उनके दांत टूट गए. घर में मौजूद एक अन्य महिला को भी पीटा गया. वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. बदमाशों की हिंसा से पूरा परिवार सहम गया.

इसके बाद अपराधियों ने घर की अलमारियां खंगालनी शुरू कर दीं. डकैतों ने करीब 5 लाख रुपये से अधिक के हीरे और सोने के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश फरार हो गए.

घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह अगमकुआं थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. अगमकुआं थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है.