पूरे बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज लोगों को हैरान कर रहा है। राजधानी पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में मौसम कभी ठंड तो कभी राहत का एहसास करा रहा है। पटना में दिन चढ़ने के साथ तेज धूप जरूर खिल रही है, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और रात के वक्त ठंड का असर अब भी बना हुआ है। खासतौर पर अहले सुबह और देर रात लोगों को ठिठुरन महसूस हो रही है।
राजधानी पटना में रविवार की सुबह कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिला, जिससे दृश्यता भी प्रभावित रही। सड़कों पर चलने वाले वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार, पटना के साथ-साथ अरवल, नालंदा, गया, जहानाबाद, शेखपुरा, लखीसराय और भोजपुर जैसे जिलों में भी सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है।
इसी बीच मौसम विभाग ने बारिश को लेकर भी अहम अनुमान जताया है। विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 3 फरवरी को बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। पटना में भी इस दौरान हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे तापमान में हल्की गिरावट देखी जा सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि 4 फरवरी तक पटना में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। इस दौरान राजधानी का अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
हालांकि इसके बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। तापमान में बढ़ोतरी के साथ लोगों को धीरे-धीरे गर्मी का एहसास होने लगेगा। फिलहाल मौसम सुहावना बना हुआ है, लेकिन सुबह-शाम ठंड से बचाव जरूरी है